छत्तीसगढ़

पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक सर्जरी, छह यातायात थानों को मिले नए प्रभारी

रायपुर । पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात शाखा में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल ने 24 नवंबर को आदेश जारी कर आठ निरीक्षकों की पदस्थापना में बदलाव किया है। सभी अधिकारियों को अलग-अलग यातायात थानों और मुख्यालय में अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

छह यातायात थानों को मिले नए प्रभारी

जारी आदेश के मुताबिक, निरीक्षक गोविंद कुमार यादव को यातायात पचपेड़ीनाका से स्थानांतरित कर फाफाडीह यातायात थाना भेजा गया है। वहीं, यातायात मुख्यालय में पदस्थ निरीक्षक मालिक राम केंवट को भाठागांव यातायात थाने की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह निरीक्षक नवल किशोर कश्यप को भाठागांव से कालीबाड़ी यातायात थाना, निरीक्षक राकेश ठाकुर को भनपुरी से पचपेड़ीनाका और निरीक्षक मनीष तिवारी को यातायात मुख्यालय से भनपुरी यातायात थाना भेजा गया है। निरीक्षक अम्बरीश शर्मा को फाफाडीह से हटाकर पंडरी यातायात थाने में पदस्थ किया गया है।

दो निरीक्षकों को मुख्यालय में मिली जिम्मेदारी

फेरबदल के तहत निरीक्षक अमित पद्मशाली को पंडरी यातायात थाना से हटाकर यातायात मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। वहीं, निरीक्षक मनोज साहू को कालीबाड़ी यातायात थाना से स्थानांतरित कर मुख्यालय के आइटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस बदलाव के बाद छह निरीक्षकों को अलग-अलग यातायात थानों में नई जिम्मेदारी मिली है, जबकि दो निरीक्षकों को मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button