छत्तीसगढ़

मोदी की गारंटी से विकसित छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहे कदम, किसानों-महिलाओं और युवाओं को मिली सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के संकल्प के साथ प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना है।

मुख्यमंत्री आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी।

मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में बड़े फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के बाद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम शुरू कर दिया गया था। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई।

वहीं, तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं की घोषणा के साथ पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुंचाना है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, बस्तर में 34 लाख से अधिक लोगों की जांच

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

दूरस्थ बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ गांवों तक भी उपचार सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

8.60 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत परियोजनाएं आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों से संबंधित हैं।

निवेश और कारोबार को आसान बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। दो जनविश्वास अधिनियमों के माध्यम से दंडात्मक प्रावधानों में संशोधन किया गया है। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।

नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्टार्टअप और कौशल विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि उद्यमी और रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत पांच हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।

प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। वहीं, नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। यहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा नाइलिट, निफ्ट, नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है।

महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को हर महीने सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण आधारशिला है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।

प्रदेश में 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो केंद्र सरकार के निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का काम फिर से महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।

बेटियों की शिक्षा और जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार

बेटियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 6,671 सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभ मिला है। वहीं, दो हजार विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में वर्षों से बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें भी 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।

बस्तर में शांति और विकास के नए दौर की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलताएं मिली हैं। बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है।

बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है। सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता सुरक्षा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और आजीविका के अवसरों का विस्तार करना है।

किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती किसानों पर निर्भर है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है।

इसके साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा।

पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और समृद्ध जनजातीय संस्कृति पर्यटन की बड़ी ताकत हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के जरिए स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बस्तर पंडुम के माध्यम से लोक कला, नृत्य, संगीत, पारंपरिक खान-पान और जनजातीय विरासत को मंच दिया जा रहा है। अखरा विकास योजना के तहत जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है। नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की स्थापना भी की गई है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है।

आवास और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी तेजी से काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सड़क, रेल, आवास, पेयजल, ऊर्जा और आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए और विकास का लाभ हर गांव तथा हर घर तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button