छत्तीसगढ़

महादेव सट्टा ऐप केस में ED का बड़ा एक्शन, छत्तीसगढ़ से दिल्ली तक कई ठिकानों पर छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बैटिंग और सट्टा ऐप से जुड़े मामले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को ED की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और सट्टे से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के घर छापेमारी की है। टीम यहां दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रही है।

वहीं, दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल के मालिक के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी ED की कार्रवाई जारी है। इसके अलावा धमतरी में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर समेत अन्य ठिकानों पर जांच एजेंसी की टीम पहुंची है।

दिल्ली में भी कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी, 9 कंपनियां जांच के दायरे में

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED ने दिल्ली में भी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच के दायरे में पिता-पुत्र की 9 कंपनियां भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि राहुल मक्कर ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई भव्य शादी में कैटरिंग का काम किया था। ED को आशंका है कि महादेव सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये इन लोगों तक पहुंचाए गए। इन पैसों को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से अर्जित रकम किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई और उसका इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।

फिलहाल छत्तीसगढ़ और दिल्ली में छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button