औद्योगिक विकास में छत्तीसगढ़ की बड़ी छलांग, तीन साल में 3271 नए उद्योग स्थापित

रायपुर । छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए लागू औद्योगिक विकास नीति 2024-30, प्रशासनिक सुधारों और सिंगल विंडो व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रदेश में अब तक 8.85 लाख करोड़ रुपये के निवेश के 309 प्रस्ताव मिले हैं। इनसे आगामी वर्षों में करीब 2 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इनमें 192 प्रोजेक्ट उन्नत चरण में हैं, 160 का क्रियान्वयन जारी है और 32 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा वाणिज्य एवं उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम विभाग के सचिव रजत कुमार ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
तीन साल में स्थापित हुए 3271 नए उद्योग
मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 3,271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इसके अलावा 160 से अधिक उद्योगों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निवेश प्रस्तावों में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी थ्रस्ट सेक्टर और 49 प्रतिशत पारंपरिक क्षेत्रों की है। प्रदेश के 24 जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार कई नए क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाएं विकसित हुई हैं। इनमें गारमेंट, चॉकलेट निर्माण, एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
उद्योगों को 1594 करोड़ रुपये की सब्सिडी
औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की है। वहीं, स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं। इनमें से 1,500 से ज्यादा स्टार्टअप पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं।
मंत्री ने बताया कि विनिर्माण क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 100 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 150 प्रतिशत स्थायी पूंजी निवेश का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की सूक्ष्म इकाइयों को प्रारंभिक पूंजी के लिए 25 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी और ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उद्यम क्रांति योजना भी प्रारूप तैयार होने की प्रक्रिया में है।
निर्यात में 12.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी
सचिव रजत कुमार ने बताया कि बीते तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ का निर्यात 16,681 करोड़ रुपये से बढ़कर 18,715 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह 12.19 प्रतिशत की वृद्धि है। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए चीन को 12 हजार टन कॉपर कंसंट्रेट, कोस्टा रिका को एफआरके, पापुआ न्यू गिनी को चावल और ब्रिटेन को हर्बल उत्पादों का निर्यात किया गया है।
राज्य में निर्यात गतिविधियों को विस्तार देने के लिए निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 अधिसूचित की गई है। इसके तहत सभी 33 जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क भी स्थापित किए गए हैं।
एक क्लिक पर 210 से अधिक सेवाएं
उद्योग लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 210 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वन-क्लिक और लैंड सिस्टम के जरिए 25 विभागों की सेवाओं और अनुदान से जुड़ी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। अब तक 7,000 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। बस्तर से प्राप्त आवेदनों में 102 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि निवेशक संतुष्टि रेटिंग 5 में से 4.07 रही है।
सरकार के अनुसार, प्रोत्साहन राशि का वितरण 28 दिनों में किया जा रहा है। ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम के तहत 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है और भूमि अभिलेखों को 100 प्रतिशत जीआईएस से एकीकृत किया गया है।
कारोबार को आसान बनाने के लिए कई प्रशासनिक सुधार
सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश में कारोबार और उद्योगों के संचालन को सरल बनाने के लिए कई सुधार लागू किए गए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट 2026 और जन विश्वास एक्ट 2025 शामिल हैं। जन विश्वास एक्ट के तहत 279 अपराधों को गैर-आपराधिक बनाया गया है। इसके अलावा उद्योगों का जोखिम आधारित वर्गीकरण, 17,893 मामलों में स्व-प्रमाणन, भू-डायवर्जन की अनुमति समाप्त करने और 3 लाख से अधिक मामलों में स्वचालित नामांतरण जैसे कदम उठाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत 2,700 से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप और सात राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एमओयू भी राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा दे रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी मिली उपलब्धियां
औद्योगिक विकास और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के मामले में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर भी कई उपलब्धियां मिली हैं। नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में




