संविधान की भावना के अनुरूप जनकल्याणकारी शासन हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिले। राज्य सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री शहीद स्मारक भवन, रायपुर में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों को याद किया। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
संविधान ने हर नागरिक को दिया समान अधिकार और अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत हुई। इससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।
आपातकाल के संघर्ष को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार संविधान की अमूल्य देन हैं। वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।
उन्होंने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे। आपातकाल का विरोध करने के कारण उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा और इस दौरान परिवार को भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पहले बंद की गई सम्मान राशि को फिर से शुरू किया है।
समान नागरिक संहिता में जनजातीय परंपराओं के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाए जाने का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बस्तर में लोकतंत्र के साथ विकास का नया अध्याय
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था बनाए रखी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में मतदान कर लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और सुनियोजित रणनीति से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर बन रहे हैं। अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने ऐसे लोककल्याणकारी राज्य की परिकल्पना की थी, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। जनजातीय समाज को वनोपज का बेहतर मूल्य दिलाने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सार्थकता तभी है, जब उसके आदर्श हमारे निर्णयों और कार्यों में दिखाई दें। सरकार का संकल्प है कि विकास की यात्रा में कोई वर्ग या क्षेत्र पीछे न छूटे। किसानों की समृद्धि, मातृशक्ति का सशक्तीकरण, युवाओं की प्रगति और वंचित वर्गों का उत्थान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।
न्याय और सुशासन की भावना को मजबूत कर रही सरकार : मंत्री गजेंद्र यादव
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में दृष्टिकोण के बदलाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसमें प्रत्येक नागरिक के अधिकार सुरक्षित रहें और आमजन को सहजता से न्याय मिल सके। छत्तीसगढ़ सरकार भी जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को साकार कर रही है।
बाबा साहेब की विरासत भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत : सांसद संतोष पांडेय
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की गौरवशाली विरासत और महान विभूतियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कई पहल की गई हैं।
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
संविधान के प्रति जागरूकता हर नागरिक की जिम्मेदारी : पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।




