नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 27 नवंबर को रोजगार मेला

सारंगढ़-बिलाईगढ़। अगर आप नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 27 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा नगर पंचायत सरसींवा में यह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी। इसमें 10वीं, 12वीं और ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अलग-अलग पदों पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
10वीं, 12वीं और ITI पास युवाओं के लिए अलग-अलग पद
रोजगार मेले में मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। कार्यक्षेत्र में सारंगढ़, सरसींवा, बसना सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
इसी तरह मेसर्स जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं एवं ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15,240 रुपये से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए कार्यक्षेत्र सारंगढ़, लैलूंगा एवं आसपास के क्षेत्र होंगे।
वहीं, मेसर्स चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। कार्यक्षेत्र सारंगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।
TPL सर्विसेज में तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती
इसके अलावा मेसर्स TPL सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें टेक्नीशियन के 5, ITI फिटर के 50, ITI गैस कटर के 18, ITI ग्राइंडर ऑपरेटर के 20, ITI वेल्डर के 17, ITI टर्नर के 5, ITI केन ऑपरेटर के 10, ITI मशीन ऑपरेटर के 15 और हेल्पर के 50 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए संबंधित तकनीकी योग्यता एवं निर्धारित शैक्षणिक अर्हता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 14,000 रुपये से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों का कार्यक्षेत्र JSPL निर्धारित किया गया है।
रोजगार मेले में ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता से संबंधित दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारी लेकर पहुंचना होगा।
उपलब्ध रिक्त पदों, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल या जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।




