छत्तीसगढ़

किसानों के हित में सरकार का बड़ा कदम, 21 क्विंटल की सीमा तक खातों में आएगी राशि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है। धान खरीदी की प्रक्रिया को इस तरह व्यवस्थित किया जा रहा है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए खरीदी केंद्रों पर सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। अलग-अलग क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी आर्थिक लाभ मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार ने निर्णय लिया है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मैं स्वयं किसान का बेटा हूं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझता हूं। सरकार चाहती है कि कम उत्पादन के कारण प्रदेश का कोई भी किसान आर्थिक लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो, इसी लक्ष्य के साथ सरकार लगातार निर्णय ले रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्नदाताओं की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button