छत्तीसगढ़

रायपुर के लालपुर में पोद्दार पेंट्स के गोदाम में भीषण आग, 2.75 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान

रायपुर। राजधानी रायपुर के लालपुर फल मार्केट के पीछे स्थित पोद्दार पेंट्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में रात करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंट गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

2 करोड़ 75 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

गोदाम में आग लगने से भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की संभावित वजह बिजली के शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। समय रहते दमकल विभाग की टीम के पहुंचने और आग पर काबू पाने से राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button