छत्तीसगढ़

सुरंग टीला में जीवंत होगा सिरपुर का इतिहास, फरवरी 2027 में होगा भव्य आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, पुरातात्त्विक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले के ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए शासन के विभिन्न विभागों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

सुरंग टीला में दिखेगा सिरपुर का गौरवशाली इतिहास

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, पुरातात्त्विक विरासत और प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की सिरपुर यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महोत्सव के दौरान होगा और आयोजन के बाद भी इसका संचालन जारी रहेगा।

34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा मंच

सिरपुर महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। इसके तहत 34 ग्रामों के पारंपरिक नृत्य दलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय कलाकारों के लिए अलग मंच की व्यवस्था होगी। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

योग, ध्यान और साहसिक पर्यटन होंगे आकर्षण

महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रदर्शनी, योग, ध्यान और पतंग उत्सव जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। पर्यटकों के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इन गतिविधियों के लिए सुरक्षा और आवश्यक अनुमतियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

रंगीन रोशनी से जगमगाएंगे ऐतिहासिक स्मारक

महोत्सव के दौरान भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक स्मारकों को आवश्यक अनुमति लेकर आकर्षक रोशनी से सजाने की योजना है। इसके साथ ही स्मारकों और सांस्कृतिक गतिविधियों का छायांकन एवं वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। इन दस्तावेजों का उपयोग सिरपुर के पर्यटन प्रचार-प्रसार और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में नामांकन से संबंधित दस्तावेजों में संभावित रूप से किया जाएगा।

सिरपुर पर बनेगी विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म

सिरपुर महोत्सव को देशभर में प्रचारित करने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल विशेष वृत्तचित्र फिल्म तैयार करेगा। इसे दिसंबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिल्म का प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, ताकि सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

महोत्सव में आने वाले पर्यटकों, अतिथियों और प्रतिनिधियों के आवास, आवागमन एवं सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। आसपास के होटल और पर्यटन विश्रामगृहों का निरीक्षण कर उनकी क्षमता और उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। आयोजन स्थल के चयन में सुगम आवागमन, पर्याप्त स्थान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन से मिले अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और नई गतिविधियों को शामिल करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही आयोजन के लिए विज्ञापन एवं प्रायोजन की संभावनाएं तलाशने और आवश्यक बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सीईओ धम्मशील गणवीर, महासमुंद जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद सहित पर्यटन, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button